उरई/कोटरा। पत्नी से विवाद के बाद युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। पत्नी जब कमरे में पहुंची तो शव फंदे पर लटका देख कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस परिजनों से पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वह शराब पीकर घर पहुंचा था। इसी को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया था।
कोटरा थाना क्षेत्र के कुरकुरू गांव निवासी सुखराम सिंह (40) मंगलवार की रात घर में शराब पीकर पहुंचा। परिजनों के अनुसार वह पत्नी अर्चना से विवाद करने लगा। पत्नी ने विरोध किया तो युवक नाराज होकर कमरे में चला गया। कमरे में लगे हुक से साड़ी का फंदा लगाकर जान दे दी। करीब दो बजे पत्नी जब कमरे में पहुंची तो पति का शव फंदे से लटका देख चीख पड़ी। जानकारी पर परिजनों व मोहल्ले के लोगों की भीड़ लग गई।
परिजनों ने बताया कि वह मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता था। उसके एक पुत्र व चार पुत्रियां हैं। शराब पीने का आदी होने की वजह से उसका अक्सर पत्नी से विवाद होता रहता था। थाना प्रभारी विजय कुमार पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जांच की जा रही है।