खुलासा करते अपर पुलिस अधीक्षक अवधेश कुमार
- फोटो : ORAI
उरई (जालौन)। आटा थाना क्षेत्र में शराब पीने के बाद हुई दो लोगों की मौत के बाद पुलिस ने आरोपी अवैध शराब विक्रेता को पकड़ लिया है। प्रेसवार्ता में यह जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक डॉ अवधेश सिंह ने बताया कि शराब विक्रेता के मुताबिक वह अपनी पत्नी के साथ मिलकर गांव में अवैध शराब की बिक्री करता था। अवैध शराब हमीरपुर से मंगाई जाती थी। पुलिस टीम जल्द ही दबिश देने हमीरपुर जाएगी।
बता दें कि कराब चार दिन पूर्व ग्राम ददरी के महेंद्र व देवेंद्र ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर रामहेत से खरीदी हुई देसी शराब पी थी। इसके बाद चारों की हालत बिगड़ गई थी। दो दिन पूर्व देवेंद्र व महेंद्र की मौत भी हो गई थी। इसके बाद पुलिस और प्रशासन भी हरकत में आया था। पुलिस ने रामहेत के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। एएसपी ने बताया कि सटीक सूचना पर पुलिस ने गुरुवार को रामहेत व उसकी पत्नी को पकड़ लिया। दोनों मिलकर अवैध शराब में कुछ न कुछ मिलावट करके बेंचा करते थे।
पुलिस सूत्रानुसार रामहेत की निशानदेही पर 27 पाउच शराब, डेढ़ किलो यूरिया और कुछ अन्य केमिकल भी बरामद किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा जा रहा है। इधर एएसपी ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में पता चला कि रामहेत हमीरपुर से अवैध शराब की खेप मंगाकर बेचता था। इस काम में उसके चार पांच साथी और भी है, जिनकी तलाश की जा रही है। जल्द ही जनपद की पुलिस टीम हमीरपुर के उक्त ठिकाने पर भी दबिश देगी।
संवाद न्यूज एजेंसी माधौगढ़ के अनुसार, गोहन पुलिस ने 10 लीटर अवैध देसी शराब के साथ युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर युवक को जेल भेज दिया है। गोहन पुलिस नवीपुर पुलिया के पास चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी बीच देवेंद्र सिंह निवासी मडो़री को दबोचा। पास से झोले में दस लीटर देसी शराब बरामद हुई। उसे जेल भेजा है। इसी तरह कुठौंद पुलिस ने भी दो युवकों के पास से पांच पांच लीटर अवैध शराब बरामद कर उन्हें जेल भेजा है।