जिला अस्पताल में निरीक्षण करते नोडल अधिकारी
- फोटो : ORAI
उरई। नोडल अधिकारी धर्मेंद्र सिंह ने सोमवार को जिला पुरुष चिकित्सालय का निरीक्षण किया और ओपीडी में गंदगी मिलने पर उन्होंने सीएमएस को निर्देश दिया कि साफ सफाई का विशेष ध्यान रखें। मास्क लगाकर एवं सैनिटाइजर के इस्तेमाल के बाद ही प्रवेश की अनुमति दी जाए। मरीजों को अधिक से अधिक अस्पताल से दवा मुहैया कराई जाए। यह भी सुनिश्चित किया जाए कि बीमार व्यक्तियों को बाहर से दवाएं न खरीदनी पड़ें।
कोविड हेल्प डेस्क का निरीक्षण करते हुए उन्होंने ऐहतियात बरतने का निर्देश दिया। वार्ड में उपस्थित डॉ मनीषा ने बताया कि खांसी, जुकाम, सर्दी, बुखार एवं डायरिया के मरीज अभी आ रहे हैं। मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं इलाज सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए किया जा रहा हैं। मानसिक स्वास्थ्य की क्लीनिकल साइकोलाजिस्ट डॉ अर्चना विश्वास ने नोडल अधिकारी को बताया कि अस्पताल में आने वाले मरीजों में कोविड.19 का डर बुरी तरह से व्याप्त हैं। उनकी काउंसलिंग की जा रही है। इस दौरान सीएमएस डॉ अजय कुमार सक्सेना, डा. अवनीश कुमार आदि मौजूद रहे।