कोंच। प्रतिभा उम्र एवं संसाधनों की कभी भी मोहताज नहीं होती है, यह कोंच इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहा है। फेस्टिवल के तहत विभिन्न शहरों के प्रतिभागियों ने वर्चुअली पूरी साज सज्जा के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित की।
फिल्म फेस्टिवल के पांचवें दिन शुक्रवार को बाल कलाकारों ने वर्चुअल माध्यम से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों का मनमोह लिया। केशव वर्मा, शिवम यादव, अलंकृता दुबे, सिद्धि द्विवेदी, इशिका, वैष्णवी रावत, श्रेया बिंदल, अविका सुरभित, रिदिमा अग्रवाल, आराध्या आदि ने वर्चुअल माध्यम से प्रस्तुतियां दीं। कथाकार एवं अभिनेत्री गीतिका वेदिका, जदयू बिहार प्रांत के सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एवं फिल्म समीक्षक कुमार विमलेंदु, टीवी एवं फिल्म अभिनेता आरिफ शहडोली, डॉ आलोक सोनी ने फेस्टिवल में सिनेमा के विभिन्न विषयों पर अपनी बात रखी। फेस्टिवल के संयोजक पारसमणि अग्रवाल ने कहा कि कोंच इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल सिनेमा, साहित्य, समाज, संस्कृति आदि का समागम है। जिसके माध्यम से हर क्षेत्र की प्रतिभाओं को निखारने का प्रयास किया जा रहा है। (संवाद)