फोटो- 23 माताओं को सम्मानित करता विद्यालय स्टॉफ। स्रोत विद्यालय
कोंच। सूरज ज्ञान मॉडर्न पब्लिक स्कूल में बुधवार को माताओं को समर्पित विशेष अभिभावक-शिक्षक बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक माताओं की महत्वपूर्ण भूमिका को सम्मानित करने तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित की गई थी।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों की माताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। उन्होंने अपने बच्चों की अर्धवार्षिक परीक्षा के अंक देखे तथा शिक्षकों के साथ उनके भविष्य, अध्ययन पद्धति और सुधार के उपायों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। माताओं ने विचार साझा करते हुए विद्यालय द्वारा किए जा रहे शैक्षणिक प्रयासों की भी सराहना की। विद्यालय की ओर से सभी माताओं का सम्मान किया गया। स्कूल की डायरेक्टर मयूरी जैन ने कहा, माता ही बच्चे की प्रथम गुरु और सच्ची प्रेरणा होती है। संचालन प्रधानाचार्य मनोहर प्रताप सिंह ने किया। इस दौरान डायरेक्टर मयूरी जैन, परीक्षा प्रभारी अनिल पटेल, हिमांशु खरे, आशुतोष निरंजन, आकाश, मातृ सम्मेलन प्रभारी नजमा परवीन, अंजना उदैनिया आदि रहे।