मुहम्मदाबाद। बढ़ते प्रदूषण को लेकर पराली जलाने को लगी रोक के चलते रविवार को डकोर कोतवाल ने क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक गांवों में जाकर डुगडुगी पिटवाई कि ग्रामीण पराली न जलाएं। अगर किसी ग्रामीण ने पराली जलाई तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई कर रिपोर्ट भी दर्ज कराई जाएगी।
डकोर कोतवाल बीएल यादव ने क्षेत्र गांवों में घूमकर डुगडुगी पिटवाते हुए ग्रामीणों से कहा कि पराली जलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बढ़ रहा प्रदूषण पर्यावरण में जहर घोलने का काम कर रहा है और इसका असर मानव शरीर पर पड़ रहा है। इस समय किसान खेतों में पराली जला रहे हैं। जिसके चलते प्रदूषण बढ़ रहा है और पर्यावरण प्रदूषित होता जा रहा है। इसके चलते उन्होंने क्षेत्र के मुहम्मदाबाद, कुसमिलिया, गुढ़ा, सिमिरिया, बंधौली, कुठौंदा समेत लगभग एक दर्जन गांवों में जाकर किसानों को पराली न जलाने को कहा।