उरई। डीएम प्रियंका निरंजन ने मंगलवार को जिला पुरुष चिकित्सालय का निरीक्षण किया। इस दौरान एक मरीज का पर्चा देखा, मरीज ने बताया कि उन्हें डॉक्टर ने बाहर से दवा लेने और जांच कराने को कहा है। इस पर डीएम ने नाराजगी जताई और कहा कि किसी भी दशा में बाहर की दवाएं और जांचें न लिखी जाएं, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने सर्वप्रथम ऑक्सीजन प्लांट को देखा। इसके बाद वैक्सीनेशन के बारे में जानकारी ली। सीएमएस ने बताया कि जितनी वैक्सीन प्राप्त होती है उतने ही लोगों का वैक्सीनेशन कर दिया जाता हैं। डीएम ने ओपीडी का भी निरीक्षण किया और चिकित्सकों से पर्याप्त दवाओं के संबंध में जानकारी की।
उन्होंने ने भर्ती मरीज वार्ड का भी निरीक्षण कर वहां भर्ती मरीजों से उनका हालचाल जाना और वहां की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी की। उन्होंने सीएमएस को अस्पताल के समस्त वार्डो में साफ. सफाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर बेड के पास कूड़ादान होना चाहिए ताकि कूड़ा एकत्रित कर बाहर डाला जा सके।