उरई। मेडिकल स्टोर के बाहर भीड़ लगाने पर पुलिस ने तीन मेडिकल स्टोर संचालकों के खिलाफ लॉकडाउन उल्लंघन का मामला दर्ज किया है। जिससे मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप मचा है। कोतवाल शिव गोपाल ने बताया कि तीनों संचालकों को फिलहाल निजी मुचलके पर हिदायत देकर छोड़ दिया गया है।
लॉकडाउन के दौरान शहर में मेडिकल स्टोर संचालकों को दवाओं की बिक्री के लिए दुकानें खोलने पर पूरा समय दिया गया, लेकिन उन्हें हिदायत भी थी कि वह दुकानों लोगों की भीड़ जमा न होने दे और दुकान पर पहुंचने वाले ग्राहकों को दूरी से खड़ा करने की व्यवस्था करें। लेकिन तीन मेडिकल स्टोरों में सामाजिक दूरी का पालन नहीं हुआ।
शहर कोतवाली पुलिस ने सोमवार को शहर के शैलेंद्र कुमार विश्नोई पुत्र स्व. शिवकुमार विश्नोई निवासी डिग्गीताल पटेलनगर उरई, अवधेश प्रताप सिंह पुत्र भगवत शरण पीएनबी बैंक के सामने राजेंद्र नगर उरई, विजय कुमार गुप्ता पुत्र रामप्रकाश गुप्ता निवासी गणेशगंज को धारा 144 का उल्लंघन करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल शिवगोपाल सिंह ने बताया इन मेडिकल संचालकों को कई बार हिदायत देने के बाद भी इन लोगों की उल्लंघन की शिकायतें मिल रही थी। जिसके चलते उनपर कार्रवाई की गई।
नौ जुआरियों पर भी कार्रवाई
जालौन/कोंच। लॉकडाउन के दौरान मोहल्ला गणेशजी में जुआ खेल रहे पांच लोगों को पुलिस ने पकड़कर 2160 रुपये बरामद किए। पुलिस ने जुआ अधिनियम व लॉकडाउन के उल्लंघन की कार्रवाई की। पुलिस ने विकास, रिषभ, नारायण, श्रीराम, टिंकू निवासीगण गणेशजी को पकड़कर 2160 रुपये नगद, ताश की गड्डी व मोबाइल बरामद किए। पुलिस ने पकड़े गए पांचों लोगों के खिलाफ जुआ अधिनियम सहित लॉक डाउन के उल्लंघन का मामला दर्ज किया। कोंच कोतवाली की सुरही चौकी के प्रभारी रामजी दुबे ने रविवार की रात चार जुआरी दीनदयाल, जमुनादास, रामनरेश व रवींद्र को पकड़ लिया उनके पास से जामा तलाशी के दौरान पुलिस ने 1150 रुपये व ताश की गड्डी बरामद की है।