उरई। हाईवे पर छुट्टा मवेशी आ जाने से टक्कर लगने के बाद कार अनियंत्रित होकर खंदक में चली गई। इससे चालक समेत आधा दर्जन महिलाएं व बच्चे घायल हो गए। कार में सवार लोगों की चीख पुकार सुनकर राहगीरों की भीड़ लग गई। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी और घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से मेडिकल कालेज उरई पहुंचाया। जहां उनका उपचार चल रहा है।
शहर कोतवाली क्षेत्र बड़ागांव के पास स्थित नलकूप संख्या 19 के सामने झांसी कानपुर हाईवे पर बुधवार की शाम तकरीबन तीन बजे कार छुट्टा मवेशी से टकराने के बाद सड़क किनारे खंदक में गिर गई। कार में सवार शिप्रा (26), ऊषा (28), विक्रम (32), गौरी (7), शिवानी (40) व कार चालक कृष्णा वर्मा चुटहिल हो गए। घायलों की चीख पुकार सुनकर वहां राहगीरों की भीड़ लग गई।
लोगों ने पुलिस को सूचना देकर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को एंबुलेंस से राजकीय मेडिकल कालेज पहुंचाया। घायलों ने बताया कि वह विकास नगर लखनऊ के रहने वाले हैं। वह उज्जैन जा रहे थे तभी हादसा हो गया। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है।