सिरसाकलार/कुठौंद। सड़क पर अचानक अन्ना मवेशी आ जाने से कार अनियंत्रित होकर पोल से टकराकर पलट गई। हादसे में कार सवार छह लोग घायल हो गए। घायलों की चीखपुकार सुनकर आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को निकलवाकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। जहां पर दो लोगों की हालत गंभीर देख मेडिकल कालेज रेफर किया गया।
कुठौंद थानाक्षेत्र के मदनेपुर स्थित दाऊ बाबा डेयरी के पास मंगलवार की सुबह कार के सामने अन्ना मवेशी आ जाने से कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इसमें कार सवार सौरभ (30 ), सहदेव (25), गौरव (25), सुंदरम (22) कल्लू (25) और विशाल (24) सभी निवासी अमराहपूर्वा थाना तिर्वा जिला कन्नौज घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां कल्लू और विशाल की हालत गंभीर देख मेडिकल कालेज कानपुर रेफर कर दिया गया। कार सवार लोगों ने बताया कि वह कन्नौज से जागेश्वर धाम जनपद छतरपुर मध्यप्रदेश जा रहे थे।