माधौगढ़। भीमनगर में डेरी की गाड़ी के चालक को झपकी आ गई। इस कारण गाड़ी घर के दरवाजे पर बैठे लोगों को टक्कर मारते हुए घर के अंदर जा घुसी। जिससे दीवार भर भराकर गिर गई। जिसके नीचे चार बकरियां दब गई। शोरगुल सुन मौके पर पहुंचे परिजनों ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। पुलिस ने चालक सहित दूध की गाड़ी को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव भीमनगर में शुक्रवार सुबह डेरी की गाड़ी के चालक को झपकी आ गई, जिससे गाड़ी अनियंत्रित होकर घर के दरवाजे पर बैठे दीने (52), पत्नी रामकली, दिनेश, अंगूरी 48 को टक्कर मारते हुए घर के अंदर घुस गई। सीओ शाहिदा नसरीन का कहना है कि फिलहाल कोई तहरीर नहीं मिली है। घायलों का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
--
बारिश न होने से किसान परेशान
माधौगढ़। बारिश न होने से किसान परेशान हैं। किसानों का कहना है कि बोई फसलें अरहर, ज्वार, सब्जी सूख गई है। जानवरों को हरा चारा समाप्त हो गया है। जिससे किसानों के सामने संकट खड़ा हो गया है। सावन आने वाला है। आषाढ़ में जेठ जैसी गर्मी पड़ रही है। किसान रामनरेश हरौली, पंकज मिहोनी, जानकी शरण, राजेश सुरावली का कहना है कि शुरुआत में पानी बरसने से अच्छे आसार दिख रहे थे। किसानों का कहना है पानी के अभाव में खरीफ की फसल मुश्किल लग रही है। जिससे खेतों की जुताई व रवी के फसलों की बुवाई हो पाना कठिन हो गया है।