उरई। बिजली के तार से ट्रक की दूरी नापते समय क्लीनर करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। इतना ही नहीं ट्रक का टायर भी धमाके के साथ फट गया। जिससे इलाकाई लोग सकते में आ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर हालत में झुलसे क्लीनर को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसे झांसी रेफर कर दिया गया।
गनीमत थी कि चालक ट्रक में नहीं बैठा था वर्ना उसकी जान पर भी बन सकती थी। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला राजेंद्र नगर हनुमान चबूतरा के पास आकाश (24) पुत्र राघवेंद्र निवासी ग्राम बारा ट्रक का क्लीनर है। शनिवार दोपहर वह गाड़ी में मौरंग भरकर खाली करने आया था। राजेंद्र नगर मोहल्ले में ट्रक को खाली करने के बाद जैसै ही वह आगे बढ़ा तो सामने एक क्लीनिक के बाहर झूलते तार को देखकर उसे हटाने के लिए लोहे के इंचटेप से तार की दूरी नापने लगा। इस बीच ट्रक का चालक भी गाड़ी से उतरकर सड़क पर आ गया।
दूरी नापते वक्त अचानक इंची टेप बिजली की लाइन से छू गया। नापते समय इंचटेप कहीं तार से छू गया और आकाश के मुंह से चीख निकल पड़ी। इसी दौरान ट्रक का टायर भी धमाके के साथ फट गया। जिससे इलाके में दहशत फैल गई। धमाके से आसपास के घरों की खिड़की पर लगे कांच भी टूट गए। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल को एंबूलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां उसकी चिंताजनक हालत को देखते हुए मेडिकल कालेज झांसी रेफर कर दिया। घटना के कारण भीड़ लगने पर पुलिस ने सभी को लाठी पटककर खदेड़ दिया। कोतवाली पुलिस ने बताया कि क्लीनर के परिजनों को भी सूचना कर दी गई है।