ग्रामीणों को संबोधित करते भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ग्राम भारत उदय मिशन के तहत गुरुवार को भाजपाइयों ने चार गांवों में चौपाल लगा कर ग्रामीणों को केंद्र सरकार की उपलब्धियों और आम आदमी के कल्याण के लिए चलाई जा रहीं योजनाओं के बारे में जानकारी दी। इस दौरान भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष मूलचंद्र निरंजन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि 2019 तक सभी गरीबों के पास उनका खुद का घर हो।
केंद्र में बैठी भाजपा सरकार गरीबों मजलूमों और आम आदमी की पीड़ा को समझ कर योजनाओं को धरातल पर उतार रही है जिसका लाभ सभी लोगों को मिल रहा है। साथ ही कहा कि भाजपा की इन नीतियों का लाभ प्रदेश में भी लोगों को मिले इसके लिए जरूरी है कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को भारी बहुमत से यूपी की सत्ता सौंपें। भाजपा ने गुरुवार को ग्राम पचीपुरी, हिंगुटा, रतनपुरा और सामी में चौपालें लगा कर ग्राम भारत उदय को लेकर ग्रामीणों से चर्चा की।
पूर्व जिलाध्यक्ष ने इन गांवों के ग्रामीणों को बताया कि मोदी सरकार ने किसानों और गरीबों के लिये तमाम लाभकारी योजनाएं संचालित की हैं। प्रधानमंत्री सकल बीमा योजना, किसानों की सिंचाई की व्यवस्था, बीपीएल कार्ड धारकों के लिए मुफ्त में राशन, मुफ्त बिजली कनेक्शन, देश में तीन हजार मेडिकल कालेज खोलने की योजना जैसी योजनाओं का लाभ आम लोगों को मिल रहा है। इस दौरान सुनील शर्मा, अवधविहारी हिंगुटा, रामजी गुर्जर, छोटेराजा, योगेंद्र सिंह गुर्जर, मंगल कुशवाहा, सुनील परिहार, मुरलीधर बरार आदि मौजूद रहे।