उरई (जालौन)। मतगणना के ठीक एक बाद होली पड़ने के चलते जिला प्रशासन खासा सतर्क नजर आया। जिले में शनिवार को 528 स्थानों पर होलिका दहन किया गया। होलिका जलने के बाद लोगों ने एक दूसरे को अबीर, गुलाल लगाकर न सिर्फ होली की बधाई दी, बल्कि घरों में बनाए गए पकवानों से उनका स्वागत किया। वहीं, सुरक्षा के लिहाज से एक ओर जहां चौराहों पर पुलिस के सिपाही मुस्तैद रहे तो वहीं, गलियों में यूपी 100 की गाड़ियां दौड़ती नजर आई। सख्ती से कोई भी चिह्नित स्थानों के अलावा होलिका दहन नहीं कर सका। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी भी पल, पल की जानकारी लेते रहे।
रविवार को रंगों की होली खलेगी। शनिवार को होलिका दहन की वजह से दिन भर तैयारियां होती रहीं। बच्चों ने जहां परिजनों के साथ बाजारों में पहुंचकर रंग व पिचकारी खरीदी, जिससे बाजारों में काफी रौनक दिखी। चाहे वह खोया मंडी हो या फिर पिचकारी बाजार, सभी स्थानों पर खरीदारों की भीड़ रही। सुबह से लेकर देर शाम तक बाजारों में लोगों के आने, जाने का सिलसिला जारी रहा। इधर, देर शाम सारी तैयारियों के बाद जिले में चिह्नित किए गए 528 स्थानों पर होलिका दहन किया गया। होली जलने के बाद लोगों ने एक दूसरे को अबीर, गुलाल लगाकर त्योहार की शुभकामनाएं दी तो वहीं, युवाओं व बच्चों ने बुजुर्गों का आशीर्वाद लेकर उनके गालों में प्यार का रंग लगाया। वहीं, घरों में भी होली की आग लेकर पहुंचे परिजनों ने यहां भी रस्म अदा की। इसके अलावा कहीं पर भी अतिरिक्त होली न जलाई जा सके, इसके लिए पुलिस प्रशासन की पैनी नजर रही। यूपी 100 की गाड़ियां जहां गलियों में दौड़ती नजर आई तो वहीं, प्रमुख चौराहों पर पुलिस फोर्स मुस्तैद रहा। बाजारों में यातायात व्यवस्था न गड़बड़ा, इसको लेकर भी सिपाही तैनात रहे।
इन स्थानों पर हुआ होलिका दहन
शहर के मोहल्ला नया राम नगर, पटेल नगर, पुराना राम नगर, तुलसी नगर, बंबी रोड, झांसी रोड, अजनारी रोड, पाठकपुरा, स्टेशन रोड, जिला परिषद, बघौरा रोड, जेल रोड, कोंच बस स्टैंड, पीली कोठी समेत इत्यादि स्थानों पर होलिका दहन किया गया।
अफसर रहे सतर्क, लेते रहे खबर
मतगणना के ठीक एक बाद होली के चलते कहीं पर हुड़दंग न हो, इसको लेकर पुलिस प्रशासन खासा एलर्ट रहा। पुलिस अधिकारियों ने न सिर्फ मातहतों को मुस्तैद के साथ तैनात रहने के निर्देश दिए, बल्कि वे पल पल की खबर भी लेेते रहे, ताकि कहीं पर होली पर गड़बड़ी की कोशिश न हो सके।