उरई। राशन की दुकानों पर हो रही भीड़ को देखते हुए डीएम ने सभी राशन विक्रेताओं को टोकन सिस्टम के तहत राशन देने के निर्देश दिए है। उन्होंने शुक्रवार को शहरी क्षेत्र में आने वाली कई राशन की दुकानों का निरीक्षण करने के बाद यह निर्देश दिए।
राशन की दुकान को सुबह नौ से रात नौ बजे तक खोलने के निर्देश है। साथ ही कोटेदारों को राशन कार्ड धारकों के साथ ही पंजीकृत श्रमिकों व पालिका के चिन्हित दिहाड़ी मजदूरों को भी राशन देने के निर्देश है। इस वजह से राशन की दुकानों में भीड़ नजर आती है। स्थिति यह है कि दुकानों पर लोगों की लंबी लाइन दिन भर लगी रहती है। इससे सामाजिक दूरी का पालन नहीं हो पाता। इस मामले को संज्ञान में लेते हुए डीएम ने पहले ही सभी हॉटस्पाट क्षेत्र वाली दुकानों को घर-घर राशन पहुंचाने के निर्देश दिए थे। शुक्रवार को उन्होंने पूर्ति निरीक्षण को निर्देश दिए कि राशन की दुकानों पर अब टोकन सिस्टम के तहत राशन बांटा जाए। ताकि दुकानों पर अनावश्यक रूप से भीड़ न लगे और लोगों को आसानी से राशन मिल सके। देर शाम डीएम ने शहर की कई राशन की दुकानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।