बोर्ड की बैठक में मौजूद चेयरमैन, ईओ और सभासद।
- फोटो : ORAI
कदौरा(जालौन)। आर्थिक तंगी से जूझ रही नगर पंचायत के बोर्ड की बैठक बिना विकास कार्यों के प्रस्ताव के समाप्त हो गई। बैठक में आय के स्रोत बढ़ाने का प्रस्ताव पास किया गया। बैठक की अध्यक्षता चेयरमैन और संचालन नगर पंचायत ईओ (अधिशासी अधिकारी )ने किया। बैठक में पिछले तीन माह के आय व्यय का ब्योरा रखा गया।
मंगलवार को नगर पंचायत कार्यालय परिसर में बोर्ड की बैठक हुई। नगर पंचायत ईओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि शासन से राज्य वित्त में कटौती के चलते कर्मियों के वेतन के लाले पड़े हैं। वहीं अन्य मद से मिलने वाली धनराशि अभी तक नहीं मिली है। इससे विकास कार्य का कोई भी प्रस्ताव नहीं रखा गया। विकास कार्यों के प्रस्ताव न होने से सदस्यों के चेहरे पर मायूसी दिखी। बैठक में आय के श्रोत बढ़ाने पर चर्चा शुरू हुई। सभासद सूर्यांश पुरवार ने कहा कि नगर में लीज पर दी गईं दुकानों के किराये में बढ़ोतरी की जाए। इस प्रस्ताव को सर्व सम्मति से पास कर दिया गया। बैठक में गृह कर को अधिक से अधिक घरों पर लगाने और बाजार में तहबाजारी कर लगाने का प्रस्ताव पास किया गया। सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा करने पर जुर्माना वसूलने का भी प्रस्ताव पास किया गया।
चेयरमैन मोहम्मद जमीर आलम ने कहा कि विकास कार्यों के लिए मांग पत्र शासन को भेजा गया है। बजट मिलते ही वार्डों व नगर का सुंदरीकरण किया जाएगा। इस मौके पर लिपिक राधा बल्लभ चतुर्वेदी, सभासद रवि प्रजापति, इश्तियाक अली, पिंटू, इमरान शाह, शाकिर खान सहित नगर पंचायत कर्मी मौजूद रहे।