कदौरा क्षेत्र में आग से जला पड़ा सामान
- फोटो : ORAI
कदौरा। ब्लाक क्षेत्र के ग्राम सुरौला के मजरा बलभद्रपुर में शनिवार की दोपहर एक ग्रामीण के घर के पीछे पड़े कूड़े के ढेर में सुलगती आग की चिंगारी से घर में आग लग गई। आग इतनी विकराल हो गई कि उसने आसपास के सात घरों को चपेट में ले लिया। साथ ही खेतों में भी आग लग गई। इससे सातों घरों की गृहस्थी जल गई और फसल भी जल गई। करीब एक घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड और ग्रामीणों ने मिलकर आग पर काबू पाया।
श्गांव सुरौला के मजरा बलभद्रपुर निवासी वसीम के छप्पर में दोपहर में एक बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पड़ोस के स्वाल खान, जहीर बेग, इस्लाम बेग, अब्बुल खान, शहीद खान, वाहिद बेग व शेख मोहम्मद के घरों को भी चपेट में ले लिया। घरों के पास ही रखे खलिहान में भी आग फैल गई। सातों परिवारों ने घर से निकलकर जान बचाई। ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। साथ ही आग बुझाने का प्रयास करने लगे। फायर ब्रिगेड के पहुंचने के एक घंटे बाद आग पर काबू पाया गया। मकानों व खलिहान में रखा गेंहू, चना, लाही, मटर आदि जल गया।
आग से स्वाल खान का दो लाख रुपये, वसीम खान, इस्लाम बेग, शहीद खान, अब्बुल खान का एक-एक लाख रुपये, जहीर बेग, वाहिद बेग व शेख मोहम्मद का 50-50 हजार रुपये का नुकसान का अनुमान है। तहसीलदार बलराम गुप्ता ने कहा कि सूचना मिली थी। मौके पर राजस्व टीम को भेजा गया है। नुकसान का आकलन कर मुआवजा दिलाया जाएगा।
आग बुझाता फायर बिग्रेड कर्मी- फोटो : ORAI