कोंच। जवारे विसर्जन शोभायात्रा के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार एक युवक हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। करंट लगने से वह ट्रॉली से नीचे गिरकर चोटिल भी हो गया। उसे नगर के नर्सिंग हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पनयारा निवासी विशाल अहिरवार (19) रविवार सुबह जवारे विसर्जन शोभायात्रा में शामिल होकर शारदा माता मंदिर बैरागढ़ जा रहा था। पनयारा-ताहरपुरा मार्ग पर ट्रॉली पर खड़े विशाल का संपर्क नीचे झूल रही हाईटेंशन लाइन से हो गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया और नीचे गिर पड़ा।
गनीमत रही कि ट्रॉली में गद्दे बिछे हुए थे, जिससे अन्य श्रद्धालु करंट की चपेट में आने से बच गए। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद नीचे झूल रही जर्जर बिजली लाइनों को दुरुस्त नहीं किया जा रहा है। इससे हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है। (संवाद)