उरई। एक ही बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने बाइक से जा रहे युवक को टक्कर मारकर गिरा दिया और मारपीट कर पांच हजार रुपये व मोबाइल लूट लिया। पीड़ित ने चुर्खी थाने पहुंचकर लूट की तहरीर दी। पुलिस से सटीक जवाब न मिलने पर पीड़ित ने एसपी को भी मामले से अवगत कराया।
चुर्खी थाना क्षेत्र के ककहरा मोड़ के पास चुर्खी निवासी नरेंद्र सिंह पुत्र लल्लू सिंह को गुरुवार की रात आठ बजे उरई से बाइक से अपने गांव चुर्खी जा रहे थे। तभी पीछा कर रहे एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे वह बाइक सहित नीचे गिर गया। इसके बाद बदमाशों ने उसके साथ मारपीट कर दी और एक बदमाश ने उसकी जेब में पड़ा मोबाइल व पांच हजार रुपये छीन लिए और बाइक से उरई की ओर भाग गए।
पीड़ित ने चुर्खी थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी देते हुए लिखित तहरीर दी। इसके बाद उसने एसपी सतीश कुमार को भी घटना की पूरी जानकारी दी। चुर्खी पुलिस का कहना है कि मामला सिर्फ वाहन टकराने में मारपीट का लग रहा है, लिहाजा जांच पड़ताल कर कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि बीते माह माधौगढ़ में दो किसानों से बाइक सवारों ने लूट की थी, जिसका अभी तक पुलिस खुलासा नहीं कर सकी है।
चेन लुटेरे भी एक बाइक पर तीन ही थे
युवक के मुताबिक एक ही बाइक पर तीन लुटेरों ने वारदात को अंजाम दिया है। करीब पंद्रह दिन पूर्व उरई कोतवाली क्षेत्र में भी एक ही बाइक पर सवार तीन लुटेरों ने महिला की चेन लूटी थी। जिसे बाद में शिनाख्त परेड के वक्त महिला ने पहचान भी लिया था पर पुलिस ने सारा मामला ही ठंडे बस्ते में डाल दिया है।