जालौन। दिल्ली से स्लीपर बस से लौट रहा युवक बस में बेहोश हो गया। रविवार सुबह बस कर्मचारी युवक को बेहोशी की हालत में गल्ला मंडी के पास उतारकर चले गए। राहगीरों ने एंबुलेंस के माध्यम से युवक को सीएचसी भर्ती कराया। उपचार के बाद युवक को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
उरई कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला राजेंद्रनगर निवासी युवक कुनाल वर्मा स्लीपर बस से दिल्ली से उरई जा रहा था। रविवार सुबह बस कर्मचारियों को युवक बेहोशी की हालत में मिला। बस कर्मचारी युवक को गल्ला मंडी के पास बेहोशी की हालत में उतारकर चले गए। राहगीरों ने जब सड़क किनारे युवक को बेहोशी की हालत में देखा तो वहां भीड़ इकट्ठा हो गई। लोगों ने इसकी सूचना एंबुलेंस को दी।
बेहोशी की हालत में ही एंबुलेंस से युवक को सीएचसी ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने इलाज कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने होश में आने के बाद युवक का नाम पता पूछा और पिता भगवान सिंह वर्मा को जानकारी दी। पिता व परिवार के अन्य सदस्यों के आने के बाद युवक को उसके सुपुर्द कर दिया गया। कोतवाल अजय ब्रह्म तिवारी ने बताया कि युवक के पास उसके रुपये सुरक्षित मिले हैं। साथ ही उसका अन्य सामान भी सुरक्षित मिला है। युवक किसी कारण बेहोश हो गया था। युवक का नाम पता न होने के चलते बस कर्मचारी उसे उतारकर चले गए। परिजन भी किसी भाी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं चाहते थे।