कोंच/पहाड़गांव। कैलिया थाना क्षेत्र के धौरपुर गांव में युवक ने घर के कमरे में लगी बल्ली से फंदा लगाकर जान दे दी। परिजन आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं कर पा रहे हैं।
कैलिया थाना क्षेत्र के धौरपुर निवासी रोहित कुशवाहा (21) ने बुधवार की शाम को फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजन ने जब आवाज दी तो उत्तर न मिलने पर उन्होंने मोहल्ले के लोगों व पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा खोला तो युवक का शव फंदे से लटक रहा था।
परिजन ने बताया कि रोहित करीब सात से आठ दिन पहले झारखंड के पलामू से गांव धौरपुर लौटा था। उसके माता-पिता परिवार सहित पलामू में रहते हैं, जहां वे पानीपूरी का व्यवसाय करते हैं। गांव में रोहित घर पर अकेला रह रहा था। पुलिस को दी गई जानकारी में यह भी बताया गया कि युवक शराब पीने का आदी था। हालांकि, उसने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
सीओ कोंच परमेश्वर प्रसाद ने बताया कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। युवक की मौत के कारणों का पता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।