माधौगढ़। शौच क्रिया के लिए जाते समय युवक पैर फिसलने से तालाब में डूब गया। चीख पुकार सुनकर दौड़े लोगों ने उसकी निकालने का प्रयास किया। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
कोतवाली क्षेत्र के बंगरा निवासी महेश कुमार शाक्यवार (40) गांव में ही एक गुमटी रखकर परिवार का जीवन-यापन करता था। वह शुक्रवार शाम शौच करने के लिए तालाब किनारे गया था। तभी वह पैर फिसलने से तालाब में डूबने लगा, बचाव के लिए चिल्लाने पर दौड़े लोगों ने उसे निकालने का प्रयास किया। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिजनों ने बताया कि उसकी शादी हो चुकी थी। लेकिन उसके कोई संतान नहीं थी। इसके साथ ही वह शराब का लती था। आशंका है कि नशे के चलते ही वह तालाब में भी गिर गया। उसकी मौत से पत्नी ज्योति सहित अन्य परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। कोतवाल पप्पू सिंह का कहना है कि युवक शराब का लती था और शराब के नशे में शौच क्रिया करते समय उसका पैर फिसल गया। इससे उसकी मौत हो गई।