कोंच। कस्बे के बाहर मंगलवार की सुबह कूलर में उतरे करंट की चपेट में आकर युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस जांच में जुटी है।
थाना कैलिया क्षेत्र के ग्राम मंगरा निवासी धर्मेंद्र रजक (30) वर्तमान में कोंच नगर के पंचानन चौराहे के पास नदीगांव रोड अपना घर बनाकर परिवार सहित रह रहा था। मंगलवार सुबह धर्मेंद्र घर के अंदर कूलर संबंधी कार्य कर रहा था, तभी अचानक वह करंट की चपेट में आ गया। कुछ देर के लिए मौके पर ही पड़ा रहा और उसकी मौत हो गई। घटना के समय उसकी पत्नी बबली और दादी जगरानी छत पर खाना बना रही थीं, जबकि पिता कल्याण सिंह पड़ोस में दूध लेने गए हुए थे। इसी कारण किसी को भी तुरंत घटना की जानकारी नहीं हो सकी।
कुछ देर बाद जब परिजनों ने धर्मेंद्र को जमीन पर अचेत पड़ा देखा तो उसे उठाकर सीएचसी ले गए। डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। कोतवाल बृजेश बहादुर सिंह व एसआई अशोक कुमार वर्मा ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। धर्मेंद्र अपने पीछे एक पुत्र मयंक राज (6) व एक 3 वर्षीय पुत्री लवानिया को छोड़ गया है। घटना के बाद दोनों बच्चों सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया है कि धर्मेंद्र कोंच में एक ई-बाइक एजेंसी पर कार्य करता था। कोतवाल ब्रजेश बहादुर सिंह का कहना है कि जांच की जा रही है। (संवाद)