उरई। मनरेगा मजदूरों के बकाया भुगतान के लिए मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सुबह करीब 11 बजे विकास भवन गेट पर एकत्रित हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए घेराव किया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि प्रदेश में मनरेगा के तहत कार्य करने वाले लगभग एक करोड़ मजदूर परिवारों को पिछले 75 दिनों से मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया है। मजदूरों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। इसके अलावा योजना को जमीनी स्तर पर लागू करने वाले ग्राम रोजगार सेवकों समेत लगभग 40 हजार संविदा कर्मियों को भी पिछले आठ महीनों से मानदेय नहीं मिला है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने इसे सरकार की विफलता बताते हुए तत्काल भुगतान की मांग उठाई। मौके पर पहुंचे सीडीओ केके सिंह ने आश्वासन दिया कि 15 अप्रैल तक बकाया भुगतान कराने का प्रयास किया जाएगा। भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी मजदूर के साथ भेदभाव नहीं होने दिया जाएगा। इस दौरान जिलाध्यक्ष अरविंद सिंह, राजकुमार वर्मा, लक्ष्मीनारायण चतुर्वेदी, देवेंद्र तोमर, चौधरी श्यामसुंदर, फूल सिंह राठौर, चंद्रशेखर वर्मा, ओमनारायण शर्मा, गुडडू रिजवी, शकुंतला, सिद्धार्थ दीवोलिया, राजेश प्रजापति, दुलीचंद्र विश्वकर्मा, केके गहोई, प्रहलाद यादव, संतोष ठाकुर आदि रहे।