कालपी। झांसी- कानपुर नेशनल हाईवे पर बुधवार की रात सड़क पार कर रहे युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक लेकर खड़े उसके साथी ने जब हादसा देखा तो वह बाइक छोड़कर मौके से भाग गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गणेशगंज निवासी प्रकाश विश्वनोई (35) बुधवार की रात अपने एक साथी के साथ झांसी कानपुर हाईवे स्थित एक होटल में खाना खाने गए थे। मौजूद लोगों ने बताया कि उसका साथी सड़क के किनारे खड़ा था। प्रकाश पैदल ही सड़क पार करने लगे। किसी वाहन ने उसे टक्कर मार दी। इससे वह घिसटता हुआ, कुछ दूरी पर जा गिरा। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा देख उसका साथी बाइक छोड़कर मौके से भाग गया। परिजनों ने बताया कि वह मंडी के बाहर अनाज खरीदने का करता था। उसकी मौत से पत्नी निशा विश्वनोई सहित अन्य परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। कोतवाली प्रभारी अजय ब्रह्म तिवारी का कहना है कि टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।