माधौगढ़। कोतवाली क्षेत्र के हैदलपुरा में संदिग्ध हालात में महिला का शव फंदे पर लटका मिला। जानकारी पर पहुंचे मृतका के पिता ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में ले लिया हैं।
कोतवाली क्षेत्र के हैदलपुरा गांव निवासी उत्तम कुशवाहा की 25 पत्नी शिवानी कुशवाहा का शुक्रवार को संदिग्ध हालात में शव फंदे पर लटका मिला। सूचना पर सीओ शैलेंद्र बजपेई, कोतवाल नागेंद्र पाठक, नायब तहसीलदार भुवनेंद्र कुमार मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मृतका के पति उत्तम कुशवाहा, जेठ नीलू कुशवाहा व देवर वीर कुशवाहा को हिरासत में ले लिया हैं।
मृतका के पिता पूरनपुरा निवासी लाल सिंह ने बताया कि गुरुवार को दादी की त्रयोदशी में शिवानी आई थी। शुक्रवार सुबह दामाद उत्तम कुशवाहा के साथ ससुराल लौट गई थी। दो घंटे बाद पुत्री की मौत की सूचना मिली। बताया कि पुत्री शिवानी की शादी 2018 में हैदलपुरा निवासी उत्तम कुशवाहा के साथ हुई थी। शिवानी को शादी के बाद से ही ससुरालीजन परेशान कर रहे थे। सीओ शैलेंद्र बाजपेई का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने पर मौत की वजह पता चलेगी। तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है।