उरई। वैष्णो देवी के दर्शन के लिए गई एक महिला कोरोना की चपेट में आ गई। दिल्ली स्थित एम्स में जांच के दौरान कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है। इसके बाद स्वास्थ्य महकमा अलर्ट हो गया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
शहर के एक मोहल्ला निवासी 55 वर्षीय महिला वैष्णो दर्शन के लिए गई थीं। 18 मई को लौटते समय रास्ते में उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें पठानकोट के अस्पताल में भर्ती कराया गया। सेहत में सुधार नहीं होने पर परिजनों ने उन्हें एम्स, दिल्ली में भर्ती कराया। जांच के दौरान उनके कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है।
प्रभारी जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. अरविंद भूषण ने बताया कि दिल्ली एम्स में भर्ती महिला की हालत में सुधार है। विभाग पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की जा रही है।