सिरसाकलार। कालपी-मदारीपुर मार्ग स्थित न्यामतपुर गांव के पास बुधवार शाम गड्ढों में बाइक जाने से अनियंत्रित हो गई। बाइक पर बैठी महिला गिर गई। बेटा महिला को मेडिकल कॉलेज ले गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
सिरसाकलार थाना क्षेत्र के न्यामतपुर गांव निवासी संतोष याज्ञिक मां मुन्नी देवी (70) को लेकर बुधवार की शाम बाइक से कुठौंद के शंकरपुर गांव बीमार रिश्तेदार को देखने गए थे। देर शाम जब वह लौट रहे थे, तभी जैसे ही उनकी बाइक कालपी-मदारीपुर मार्ग स्थित न्यामतपुर गांव के पास पहुंची कि सड़क पर गड्ढे होने से बाइक उसमें चली गई। इससे मुन्नी उछलकर सड़क पर गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। संतोष ने उन्हें मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वृद्धा को मृत घोषित कर दिया गया।
संतोष ने बताया कि बड़ा भाई गोविंद पुलिस में है। परिजनों ने गुरुवार की सुबह बिना पुलिस को सूचना दिए ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। थाना प्रभारी राजीव कुमार बैस का कहना है कि परिजनों ने किसी भी प्रकार की कोई सूचना नहीं दी है।