फोटो - 12 सीएमओ कार्यालय की बगिया में लगी आग के बाद जले पेड़। संवाद
- फोटो : 1
उरई। शहर स्थित सीएमओ कार्यालय परिसर में सोमवार दोपहर ट्रांसफार्मर में हुई स्पार्किंग से अचानक आग लग गई। आग ने देखते ही देखते बगिया में पड़े सूखे पत्तों और पेड़ों को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना पर पहुंचे बिजली विभाग और दमकल कर्मियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
घटना सोमवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे की है। उस समय सीएमओ कार्यालय में कर्मचारी और अधिकारी कामकाज में व्यस्त थे तथा कलक्ट्रेट में प्रस्तावित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान परिसर में लगे ट्रांसफार्मर से अचानक स्पार्किंग हुई और निकली चिंगारियों से पास में पड़े सूखे पत्तों में आग लग गई। तेज गर्मी और सूखे पेड़ों के कारण आग तेजी से फैलने लगी।
आग की लपटें उठती देख कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों में हड़कंप मच गया। सभी लोग एहतियात के तौर पर बाहर निकल आए। घटना की सूचना तत्काल बिजली विभाग और दमकल विभाग को दी गई। मौके पर पहुंचे बिजली कर्मचारियों ने सबसे पहले ट्रांसफार्मर से सीएमओ कार्यालय का बिजली कनेक्शन काटा, जिसके बाद दमकल टीम ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
जिस स्थान पर आग लगी, उसके पास महामाया सचल अस्पताल की गाड़ियां भी खड़ी थीं। समय रहते आग पर नियंत्रण होने से बड़ा हादसा टल गया और वाहनों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। आगजनी के बाद सीएमओ कार्यालय की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, हालांकि इनवर्टर के जरिए आवश्यक कार्य जारी रहे।
सीएमओ डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि ट्रांसफार्मर में हुई स्पार्किंग से आग लगी थी। दमकल विभाग और बिजली विभाग की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।