इनामी बदमाश के बारे में जानकारी देते एसपी सतीश कुमार
- फोटो : ORAI
उरई। गैंगस्टर एक्ट के मामले में वांछित 25 हजार के इनामी शातिर बदमाश को एट थाना पुलिस ने तमंचा व कारतूस संग गिरफ्तार कर लिया। शातिर पर रामपुरा व एट थाना में पहले से ही तीन मामले दर्ज हैं।
रविवार को एसपी आवास में एसपी ने बताया कि 28 जून 2019 को रामपुरा थानाध्यक्ष ने मनीष दोहरे पुत्र सुरेंद्र दोहरे निवासी राजेंद्र नगर उरई, अमजद मंसूरी पुत्र अलीबाबा मंसूरी निवासी लहारिया पुरवा उरई, दिग्विजय उर्फ जीतू पुत्र श्रीराम दोहरे निवासी सदुआपुर थाना मंगलवार कानपुर देहात पर गैंगस्टर एक्ट का मामला दर्ज कराया था। जिसमें मनीष व अमजद की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी थी।
जबकि वांछित दिग्विजय उर्फ जीतू फरार चल रहा था। तब जिले की पुलिस ने 25 हजार का इनाम घोषित किया था। रविवार सुबह 9 बजे एट थानाध्यक्ष अरुण कुमार तिवारी ने थाना क्षेत्र के सोमई चौराहे के पास से दिग्विजय को गिरफ्तार कर लिए। तलाशी में 315 बोर तमंचा, दो कारतूस बरामद हुए। उस पर रामपुरा में दो, एट व रामपुरा में गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट समेत तीन मामले पहले से ही दर्ज हैं। एसपी ने पुलिस टीम को दस हजार रुपये इनाम दिया। टीम में उपनिरीक्षक सर्वेशकुमार, सिपाही नीतू कुमार, उमेश कुमार व चालक प्रदीप कुमार आदि रहे।