उरई। ग्रामीण अंचलों में खेल प्रतिभाओं को निखारने और युवाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ब्लॉक क्षेत्र के लहचूरा गांव में मिनी स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए शासन ने 33 लाख रुपये के बजट को मंजूरी दे दी गई है, जिससे क्षेत्र में खेल गतिविधियों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
प्रस्तावित मिनी स्टेडियम में खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए समुचित मैदान के साथ-साथ बुनियादी खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी। अब तक गांव और आसपास के क्षेत्रों के खिलाड़ियों को संसाधनों के अभाव में खुले मैदानों पर अभ्यास करना पड़ता था, जिससे उनकी प्रतिभा को सही मंच नहीं मिल पाता था। स्टेडियम के निर्माण से इस कमी को काफी हद तक दूर किया जा सकेगा।
स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों में इस योजना को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। उनका मानना है कि इससे क्षेत्र के खिलाड़ी जिला और राज्य स्तर तक अपनी पहचान बना सकेंगे। साथ ही, खेलों के प्रति रुझान बढ़ने से युवाओं में अनुशासन और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।
आरईएस के अधिशाषी अभियंता शीलेंद्र राजपूत का कहना है कि निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए इसे तय समय सीमा में पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। यह मिनी स्टेडियम क्षेत्र के खेल विकास में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।