जालौन। बजाज एजेंसी के पास बुधवार की सुबह युवती स्टेट हाईवे से गुजर रही यूपी 112 की गाड़ी के सामने बैठ गई। परिजन उसे घर चलने के लिए मनाते रहे लेकिन वह नहीं मानी। इस घटना को लेकर एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इधर, परिजन युवती को मानसिक रूप से बीमार बता रहे हैं।
उरई-जालौन फोरलेन पर बजाज एजेंसी के पास बुधवार की सुबह अचानक से एक युवती सड़क पर आई और बैठकर चिल्लाने लगी। युवती को सड़क पर बैठकर चिल्लाते हुए देखकर आसपास से गुजर रहे लोग रुक गए। इसी दौरान युवती के बंगरा रोड निवासी परिजन भी वहां आ गए और युवती को घर चलने के लिए मनाने लगे। वहां से गुजर रही यूपी 112 की गाड़ी को देखकर युवती गाड़ी के सामने पहुंच गई। उसमें मौजूद सिपाहियों ने उतरकर मामले की जानकारी ली तो परिजनों ने बताया कि वह मानसिक रूप से कमजोर है और उसका इलाज चल रहा है। अचानक वह घर से निकलकर सड़क पर आ गई और हंगामा करने लगी। काफी देर तक समझाने बुझाने के बाद युवती घर जाने के लिए तैयार हुई और अपनी मां के साथ घर चली गई। इसी दौरान किसी ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
कोतवाल अजीत सिंह ने बताया कि परिजनों के अनुसार युवती की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और वह घर से निकलकर सड़क पर आ गई थी। बाद में वह परिजनों के साथ अपने घर चली गई।