कोंच। कैलिया थाना क्षेत्र के देवगांव में सोमवार दोपहर तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने बाइक सवार युवक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि दुर्घटना के बाद कार सवार लोगों ने युवक के साथ मारपीट भी की। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार करीब चार बजे बाइक सवार युवक कोंच से पिपरी की ओर जा रहा था। इसी दौरान कोंच की दिशा से आ रही तेज गति की फॉर्च्यूनर अनियंत्रित होकर बाइक में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार उछलकर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। बताया जा रहा है कि टक्कर के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक को निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे गंभीर चोटें आने की पुष्टि की। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि फॉर्च्यूनर तेज रफ्तार में आकर बाइक को टक्कर मारती है और इसके बाद कार सवार युवक के साथ मारपीट करते नजर आते हैं।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों पक्ष जा चुके थे। थाना प्रभारी निरीक्षक अवनीश पटेल ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन की पहचान की जा रही है और चालक की तलाश की जा रही है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।