उरई। कोर्ट के आदेश पर गोहन थाने में तैनात दरोगा के खिलाफ छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज की गई है। एक युवती ने दरोगा पर घर में घुसकर छेड़खानी करने का आरोप लगाया था।
गोहन थाना क्षेत्र के एक गांव की निवासी युवती ने कोर्ट में 17 अक्तूबर को वाद दायर करते हुए बताया था कि 24 अगस्त 2025 को वह परिवार के ही भाई के घर पर थी। इसी दौरान रात करीब 11 बजे गोहन थाने में तैनात दरोगा वीरेंद्र बहादुर सिंह सादे कपड़ों में एक युवक के साथ घर में घुस आए। शराब के नशे में दरोगा ने उसके साथ छेड़खानी की।
भाई ने जब विरोध करते हुए शोर मचाया तो उसे पीटा और गाली गलौज कर धमकी देकर चले गए। युवती का आरोप है कि उसने थाने में घटना के दूसरे दिन जाकर शिकायत पत्र दिया लेकिन उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। उल्टा उसको पुलिस ने धमकाया। इस पर युवती ने एसपी को 15 अक्तूबर 2025 को डाक से शिकायती पत्र भेजा लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
उसने 17 अक्तूबर को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अभिषेक खरे की अदालत में वाद दायर किया। जिस पर कोर्ट ने गोहन थाना प्रभारी को आदेश दिया कि दरोगा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाए। कोर्ट के आदेश पर सोमवार को गोहन थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ अंबुज यादव ने बताया कि रिपोर्ट दर्जकर की गई है। जांच की जा रही है। (संवाद)