कालपी। हाईटेंशन लाइन में अचानक फाल्ट होने से बृहस्पतिवार की दोपहर खेत में रखी कटी फसल में आग लग गई। हालांकि आग फैलने से पहले ही किसानों ने नलकूप के पानी से उसे बुझा लिया, जिससे बड़ी क्षति बच गई।
बैरई मौजा निवासी रामनरेश के खेत के ऊपर से गुजर रही एचटी लाइन में फाल्ट हो गया। इससे निकली चिंगारी गेहूं के गट्ठरों पर गिर गई और आग लग गई। खेत से लपटें उठती देख आसपास के किसानों ने तत्काल पहुंचकर गट्ठरों को हटाया और नलकूप के पानी से आग बुझाने का प्रयास किया। इस दौरान करीब आधा सैकड़ा गट्ठर जलकर राख हो गए। घटना की सूचना पर फायर ब्रिगेड भी पहुंची, लेकिन उससे पहले ही आग पर काबू पा लिया गया था। पीड़ित किसान के अनुसार खंभे पर विषखापर चढ़ने और तारों के संपर्क में आने से फाल्ट हुआ।
बता दें कि क्षेत्र में इन दिनों हाईटेंशन लाइनों के कारण आग की घटनाएं बढ़ रही हैं। इससे पहले ग्राम पिपरौंधा में भी इसी वजह से खेत में आग लग चुकी है। बिजली निगम के उपखंड अधिकारी धर्मेंद्र सिंह सचान ने किसानों से अपील की है कि वे लाइन के नीचे से फसल हटा लें, क्योंकि गर्मी और तेज हवा में फाल्ट की आशंका बढ़ जाती है। वहीं, एसडीएम मनोज कुमार सिंह ने राजस्व टीम को मौके पर भेजकर नुकसान का आकलन कराने के निर्देश दिए