फोटो-07 फिर फंसा खड़ा कोंच-पिंडारी मार्ग पर डंपर। स्रोत ग्रामीण
कोंच। खस्ताहाल कोंच-पिंडारी मार्ग पर गुरुवार सुबह छह बजे एक बार फिर महंत नगर स्थित कुशवाहा दूध डेयरी के पास डंपर फंस गया। थोड़ी ही देर में जाम लगा गया। लोग तीन घंटे दस बजे तक जाम से परेशान रहे।
इलाकाई लोगों ने बताया कि हर रोज सुबह-सुबह ओवरलोड वाहन निकलने से सड़क पर गड्ढे गहरे होते जा रहे हैं। इन गड्ढों में वाहन फंस जाते हैं और घंटों जाम लग जाता है। स्थिति यह है कि स्कूली वाहन, बाइक सवार और पैदल राहगीर हर रोज जोखिम भरे हालात में इस रास्ते से गुजरते हैं। यह स्थिति अधिकारियों के भी संज्ञान में है लेकिन सब चुप्पी साधे हुए हैं।
गुरुवार की सुबह छह बजे एक बार फिर एक डंपर फंस गया जिससे लोग परेशान होते दिखे। रविवार से गुरुवार तक डंपरों के फंसने का सिलसिला लगातार जारी है। सड़क की जर्जर हालत के कारण एंबुलेंस और झांसी जाने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कोई संकेतक या चेतावनी बोर्ड नहीं लगाए गए हैं। बच्चों के अभिभावकों ने कहा कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। एसडीएम ज्योति सिंह का कहना है कि जल्द ही सड़क को सही करवाया जाएगा।
सीएम के निर्देशों के बावजूद नहीं हुआ काम
सीएम योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में निर्देश दिए थे कि आगामी त्योहारों से पहले प्रदेश में सभी खराब सड़कों की मरम्मत कर दी जाए। इसके बाद भी कोंच के पिंडारी रोड पर इन निर्देशों की अनदेखी की जा रही है। लोगों का कहना है कि संबंधित विभाग की लापरवाही के चलते आज भी यह मार्ग खतरनाक स्थिति में है। क्षेत्र के लोग परेशानी से जूझ रहे है।