फोटो - 25 आग लगने से जलता डंपर। संवाद
माधौगढ़। कस्बे में भैरव मंदिर के सामने बालू उतारने के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से बालू से भरे डंपर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते पूरा वाहन धू-धू कर जल उठा।
जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश के जिला भिंड, थाना रौन क्षेत्र निवासी चालक शब्बीर खान बालू से भरा 18 टायरा डंपर लेकर माधौगढ़ पहुंचे थे। बस स्टैंड के पास भैरव मंदिर के सामने वह बालू उतार रहे थे, तभी डंपर ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया। इसके बाद वाहन में अचानक आग लग गई।
आग लगते ही कुछ ही पलों में लपटों ने विकराल रूप ले लिया। डीजल टैंक और टायरों में लगी आग के कारण स्थिति और अधिक भयावह हो गई। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय दुकानदारों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस और दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पूरा डंपर जलकर राख हो चुका था।
चालक शब्बीर खान ने बताया कि बालू उतारते समय ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन से डंपर छू गया, जिससे अचानक आग लग गई। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते वह वाहन से बाहर नहीं निकलते तो बड़ा हादसा हो सकता था।