कदौरा। शराब व स्मैक के लती युवक ने कुएं में कूदकर जान दे दी। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार भी करा दिया।
कदौरा थाना क्षेत्र के ग्राम बबीना निवासी सिंटू (26) पुत्र मानसिंह ने गुरुवार की शाम घर के पास बने कुएं के पास जाकर पहले वहां पड़ी रस्सी को गले में डालकर जान देने का प्रयास किया तो आसपास के लोगों ने समझा कि वह कोई खिलवाड़ कर रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसके अगले ही क्षण सिंटू ने कुएं में छलांग लगा दी। यह देख आसपास के लोग दौड़े और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
जब तक परिजन मौके पर पहुंचते कुएं के आसपास काफी भीड़ लग चुकी थी। इसके बाद गांव के ही कुछ युवक किसी तरह कुएं में उतरे और सिंटू को बाहर निकाल कर लाए। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। ग्राम प्रधान गौरव उपाध्याय ने बताया कि मृतक शराब व स्मैक का आदी था। लॉक डाउन के चलते 15 दिन से उसे नशा नहीं मिल रहा था। जिससे परेशान होकर उसने आत्महत्या की है। थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने मामले की जानकारी से इंकार किया है।