उरई। कदौरा पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी का ट्रैक्टर, एक मोपेड, सोने-चांदी के जेवर व नकदी बरामद की है। पकड़े गए चोर पर प्रयागराज, भोगनीपुर, कानपुर देहात व कदौरा में चोरी की रिपोर्ट दर्ज है। एसपी ने पकड़े गए चोर का खुलासा किया।
पुलिस लाइन सभागार में एसपी डॉ. दुर्गेश कुमार ने खुलासा करते हुए बताया कि 26 जनवरी को कदौरा कस्बा निवासी ब्रह्माकुमारी शिवी ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया था कि आश्रम में चोरी हो गई है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद उन्होंने कदौरा पुलिस को खुलासे के लिए लगाया था। थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान शहादतपुर गांव से आगे पीली कोठी बंबा के पास से शातिर चोर कदौरा थाना क्षेत्र के छोटी भेड़ी गांव निवासी बैनी प्रसाद कुशवाहा को पकड़ लिया।
उसके पास से एक चोरी की टीवीएस मोपेड, एक ट्रैक्टर, आश्रम से चोरी एक चांदी का ग्लास, दो कटोरी, एक चम्मच, दो जोड़ी पायल, बच्चों की हाय, कंगन, दो लाख 75 हजार पांच सौ रुपये बरामद हुए हैं। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि सवा माह पहले कदौरा के कजड़ डेरा के पीछे आश्रम से रुपये व बरामद बर्तन चोरी किए थे। 40 दिन पहले भोगनीपुर से आगे एक भट्टे से उसने ट्रैक्टर चोरी किया था। जिसे वह हमीरपुर आदि स्थानों पर चलाता रहा।
इसके बाद वह ट्रैक्टर शहादतपुर रोगी गांव के आगे मजार वाली रास्ता में खड़ा कर उसकी बैटरी निकालकर हमीरपुर भाग गया था। वहां उसने बैटरी बेच दी थी। 27 फरवरी को प्रयागराज कुंभ मेले से मोपेड चोरी कर भाग आया था। उसे बेचने जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश करते हुए जेल भेज दिया। एसपी ने खुलासे के लिए लगी टीम को दस हजार का पुरस्कार दिया है।
चोरी के रुपयों से हेलीकॉप्टर से महाकुंभ पहुंचा
उरई। ब्रह्माकुमारी आश्रम से चोरी करने के बाद आरोपी मथुरा चला गया। उसके पास करीब पांच लाख रुपये थे। उसने महाकुंभ में हेलीकॉप्टर से भी घूमा। उसने बताया कि वह साधुओं के साथ करीब दस दिन तक रहा और उसने वहां काफी रुपये खर्च किए। इसके बाद वहां से मोपेड चुराकर भाग आया था। (संवाद)