सिरसाकलार (जालौन)। बहन की शादी के लिए मिठाई बनवा रहा भाई अचेत होकर गिर पड़ा। परिजन तुरंत अस्पताल ले गए, वहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। शुक्रवार यानी 22 नवंबर को बहन की बरात आनी है। परिजनों का कहना है कि फिलहाल बारात में पांच ही लोग आए और शादी की रस्मों को पूरा करवाकर बेटी को ले जाएंगे।
सिरसाकलार थाना क्षेत्र के रायपुर बड़ी मडैया गांव निवासी कमलेश राजपूत की बेटी खुशबू की शुक्रवार को बरात आनी थी। इस वजह से कमलेश का बड़ा बेटा ओम राजपूत (19) शादी की तैयारियों में लगा था। गुरुवार देर रात घर में मिठाई बनवाई जा रही थी। तभी अचानक ओम बाबू अचेत हो गया। परिजनों ने उसे सीएचसी पहुंचाया। जहां उसकी गंभीर हालत देख उसे मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। मेडिकल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया कि वह कक्षा 11 का छात्र था। वह खुशबू से छोटा था। उसकी मौत से मां ज्ञानवती सहित अन्य परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि अब बरात में केवल चार ही लोग शामिल होंगे और वैवाहिक रस्में पूरी होंगी।
डोली के पहले उठी अर्थी, बहन बोली-अब कौन डोली में बैठाएगा
सिरसाकलार। बहन को जैसे ही भाई की मौत की खबर मिली तो वह बिलख-बिलख कर रोने लगी। वह बार-बार कह रही थी कि वह कितनी अभागी है कि उसकी डोली भी नहीं उठ पाई और उसकी भाई की अर्थी उठ रही है। परिजनों ने बताया कि खुशबू से छोटा होने पर पूरी जिम्मेदारी उसके सिर पर थी। इसलिए वह करीब एक माह से सभी व्यवस्थाओं को देख रहा था। परिजनों ने बताया कि बहन की शादी को लेकर सभी सामान उसी ने घर में जुटाया था। वह दौड़-दौड़ कर काम कर रहा था। फिलहाल गांव में मातम पसरा है। खुशबू का कहना है कि अब उसकी डोली को कंधा कौन देगा। उसकी वेदना को देख आसपास खड़े ग्रामीण व रिश्तेदार अपने आंसू नहीं रोक पा रहे थे। भाई ओम की मौत की जानकारी मिलने पर खुशबू रोए जा रही है। वह बार बार एक ही बात कह रही है कि न ही उसकी शादी होती और न ही उसके भाई की मौत होती। लेकिन आसपास खड़े लोग उसे बार बार समझा रहे हैं और उसे धीरज बंधा रहे हैं। लेकिन उसका कहना है कि वह पूरे जीवन अपने भाई को नहीं भुला पाएगी। (संवाद)