नवाबगंज (उन्नाव)। लखनऊ कानपुर राजमार्ग पर कस्बा स्थित रिंग रोड के सामने शुक्रवार को देर शाम बस से उतरते समय एक वृद्ध बस से नीचे गिर गया। उसे उच्चीकृत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से चिकित्सकों ने ट्रामासेंटर लखनऊ रिफर कर दिया है।
अजगैन थाना क्षेत्र के कुंईथर ग्राम पंचायत के मजरा जमुनाखेड़ा गांव निवासी अमरू बंजारा (65) अपनी नातिन को विदा कराने उसकी ससुराल मैनपुरी गया था। शुक्रवार को वह घर आने के लिए कानपुर से किदवई नगर डिपो की बस में सवार हुआ। बस जैसे ही नवाबगंज कस्बे के रिंग रोड के पास पहुंची। अमरू ने गाड़ी रोकने को कहा। चालक ने जैसे ही बस की गति धीमी की अमरू कूद गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक ने थोड़ी दूर जाकर बस रोक दी। बस में सवार उसकी नातिन यात्रियों की मदद से घायल अमरू को बस में लादकर कस्बे के उच्चीकृत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाई। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे ट्रामासेंटर लखनऊ रिफर कर दिया।
दुर्घटना में मृत की हुई शिनाख्त
नवाबगंज (उन्नाव)। लखनऊ-कानपुर राजमार्ग पर पक्षी विहार के सामने शुक्रवार की दोपहर सड़क दुर्घटना में मृत साइकिल सवार की शिनाख्त असोहा थाने के शीतलखेड़ा गांव निवासी रामआसरे उर्फ कल्लू (70) के रूप में उसके परिवारीजनों ने की है। नवाबगंज पक्षी विहार की झील के सामने शुक्रवार की दोपहर उन्नाव से साइकिल से आ रहे वृद्ध को एक लोडर ने टक्कर मार दी। मौके पर पहुंचे नवाबगंज चौकी प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने उसे राजमार्ग प्राधिकरण की एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेज दिया था। रास्ते में ही उनकी मौत हो गई थी। देरशाम उसके परिजनों ने पहचान की। बताया कि वह अपने दामाद की बहन के यहां से दामाद के साथ साइकिल से मद्दूखेड़ा गांव जा रहा था। बताया कि दही चौकी से उसका दामाद ट्रक से निकल गया। जब देर शाम को वह घर नहीं पहुंचा तो खोजबीन की तो हादसे का पता चला।