उरई (जालौन)। डकोर थाना क्षेत्र के ग्राम गुढ़ा में विवाहिता संदिग्ध हालात में फांसी लगाने से मौत के मामले में महिला के घर वालों ने पांच ससुराल वालों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कानपुर नगर के सजेती थाना क्षेत्र के ग्राम कोहरा के रमेश सिंह परमार ने डकोर थाना पुलिस को तहरीर दी है। बताया कि उसने अपनी बेटी प्रभा देवी का विवाह दो साल पहले गुढ़ा के नारायण सिंह के साथ किया था। उसने बताया कि हैसियत के मुताबिक दान दहेज भी दिया लेकिन पति नारायण सिंह, ससुर बलवीर, सास तथा अन्य परिवारीजन दहेज में बाइक और 50 हजार रुपए लाने की मांग करने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर उनकी बेटी को प्रताड़ित किया जाने लगा। यह बात बेटी ने उसे भी बताई, लेकिन उन लोगों की मांग पूरी कर पाने में वह असमर्थ था। शुक्रवार को ससुरालियों ने बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी तथा शव को आत्महत्या का रुप देने के लिये फांसी पर लटका लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।