उरई (जालौन)। नगर पालिका की सालों पुरानी इमारत के जीर्णोद्धार के साथ ही इसका विस्तार भी किया जाएगा। 1 करोड़ 16 लाख की लागत से पालिका बिल्डिंग के ऊपरी हिस्से में निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा। इस नई इमारत में एसी मीटिंग हॉल के अलावा अधिकारियों के नए कक्ष बनाए जाएंगे।
इसके अलावा पालिका दफ्तर का नया मुख्य द्वार बनाया जाएगा, जिसके भीतर दो दुकानें भी तैयार होंगी। इनमें से एक दुकान में दुग्ध संघ की कैंटीन होगी और दूसरे में पालिका कर्मचारियों एवं अधिकारियों की सुविधा के लिए एटीएम मशीन की व्यवस्था कराई जाएगी। यह जानकारी देते हुए पालिका के प्रशासनिक अधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि नए निर्माण के लिए 1 करोड़ 16 लाख का टेंडर भी पास हो गया है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
ईओ ने बताया कि पालिका की नई बिल्डिंग में अधिकारियों के लिए आठ कमरे बनाए जाएंगे। इससे विभागों का कार्य अलग-अलग किया जा सकेगा। इन कमरों में आधुनिक फर्नीचर भी उपलब्ध होगा। इन कक्षों के अतिरिक्त एयरकंडीशन मीटिंग कक्ष भी तैयार किया जाएगा। अभी तक पालिका की ज्यादातर बैठकें एक छोटे से कमरे में ही हुआ करतीं थी। ईओ के मुताबिक पालिका का मुख्य गेट भी काफी पुराना हो चुका है। लिहाजा उसका भी जीर्णोद्धार इसी बजट में शामिल है। ईओ ने बताया कि नई इमारत के निर्माण का कार्य एक साल के भीतर पूरा हो जाएगा।