उरई (जालौन)। सुख, समृद्धि और खुशियों का पर्व दीपावली की हर ओर धूम रही। शाम होते ही पूरा शहर रोशनी से नहा उठा। घरों व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में धन, यश, वैभव के लिए सभी ने श्रद्धा के साथ विधि विधान से गणेश-लक्ष्मी और कुबेर का पूजन किया। घरों में चांदी व सोने के सिक्कों की भी पूजा हुई। इसके बाद हुई रंग बिरंगी आतिशबाजी के सतरंगी नजारों व पटाखों की गूंज के बीच लोगों की खुशी देखते ही बनी। आतिशबाजी और पटाखों की धूम धड़ाक देर रात तक जारी रही।
गुरुवार को भोर से ही घरों में त्योहार की तैयारी शुरू हो गई। गृहणियां घर को सजाने, तरह-तरह के पकवान बनाने व शाम को पूजा की तैयारी में जुटी रहीं। वहीं, बच्चे आतिशबाजी व पटाखों को जुटाने में लगे रहे। त्योहार पर घरों के बाहर रंग बिरंगी विद्युत झालरों की झिलमिलाहट देखते ही बनी। दिन ढलने के बाद ज्योतिषियों के बताए शुभ मुहूर्त पर लोगों ने परिवार के साथ बैठकर गणेश-लक्ष्मी का विधि विधान से पूजा अर्चना कर सुख समृद्धि की कामना की। इसके बाद बुजुर्गों के पांव छूकर आशीर्वाद लिया। कारोबारियों ने अपने प्रतिष्ठानों में गणेश-लक्ष्मी व कुबेर की पूजा अर्चना की। पूजनादि के बाद आतिशबाजी व पटाखों की धूम धड़ाका शुरू हो गई। शहर के गली-मोहल्लों से लेकर ग्रामीण इलाकों तक में दीपमालिका के पर्व का जश्न दिखा। आधी रात तक आसमान में आतिशबाजी की रंगबिरंगी छटा बिखरती रही। उधर, बाजारों में पूरे दिन भीड़ लगी रही। मिठाई की दुकानों पर ग्राहकों की ज्यादा भीड़ उमड़ी। लईया, खील व गट्टे की भी खूब बिक्री हुई।