उरई (जालौन)। जालौन कोतवाली के ग्राम औरैखी में किसान का सौ कुंतल मटर हड़पने और रकम के लिए तगादा करने पर किसान को जमकर मारने पीटने के मामले में पुलिस ने हमलावर दो नामजद व्यापारियों व दो अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि हमलावरों की तलाश की जा रही है।
ग्राम धमसेनी निवासी शैलेंद्र कुमार द्विवेदी ने जालौन कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है कि उसने तीन मई को सौ कुंतल हरी मटर जालौन कोतवाली के ग्राम औरैखी निवासी गिरजा शंकर व कृपाशंकर द्विवेदी को बेची थी। दोनों व्यापारियों ने पैसा एक सप्ताह बाद देने की बात कही थी। मंगलवार की शाम तकरीबन चार बजे वह बाइक से औरैखी गांव पहुंचा और मटर के दो लाख रुपये मांगे तो दोनों भाइयों ने अपने दो साथियों के साथ उसे बेरहमी से पीटा और जानमाल की धमकी देते हुए भगा दिया। कोतवाल नसीम खान ने हमलावरोें के खिलाफ अमानत में खयानत व मारपीट का मामला दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।