कालपी(जालौन)। तहसील सभाकक्ष में आतंकवाद विरोधी दिवस का आयोजन एसडीएम धीरेंद्र कुमार की अध्यक्षता में किया गया। इस मौके पर हुई गोष्ठी में बढ़ रही आतंकी घटनाओं पर रोष जताते हुए सभी ने शपथ ली कि वह आतंकवाद का डटकर मुकाबला करेंगे और इस गंभीर समस्या को खत्म करने के लिए सभी को हिस्सेदारी करने के लिए प्रेरित करेंगे ताकि आतंकी घटनाओं से देश की प्रगति में आ रही बाधा को रोका जा सके।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए एसडीएम ने कहा कि आतंकवादी घटनाओं से राष्ट्रहित की प्रगति रुकती है। इसलिए मिलजुल कर आतंकवाद का सामना करें। बारसंघ अध्यक्ष अमर सिंह ने कहा कि आतंकवाद हमारे देश के लिए एक गंभीर समस्या है। उसके निदान के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आना पडे़गा। नायब तहसीलदार रामशंकर ने कहा कि विश्व में आतंकवाद ने पैर पसार लिए हैं। कार्यक्रम में उपस्थित रामस्वरुप वर्मा, रवि तिवारी, आरती राजपूत, राकेश यादव सहित शिक्षाविदों व अधिवक्ताओं ने शपथ ली। कहा कि हम भारतवासी अपने देश की अहिंसा व सहनशीलता की परम्परा में दृढ़ विश्वास रखते हैं। निष्ठापूर्वक शपथ लेते हैं कि हम सभी प्रकार के आतंकवाद और हिंसा का डटकर विरोध करेंगे।
उधर, उरई में ब्लाक संसाधन केंद्र मड़ोरा में आतंकवाद विरोधी दिवस मनाया गया। इस मौके पर सभी ने आतंकवाद का विरोध करने का संकल्प लिया। खंड शिक्षाधिकारी डकोर श्रीमती विमला वर्मा की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में सह समन्वयक ज्ञान दीप कौशिक ने कहा कि आतंकवाद का तात्पर्य उन विध्वंसात्मक ताकतों एवं अराजकतत्वों व संगठनों से है, जो अपना मकसद पूरा करने को हिंसा का सहारा लेते हैं। इस मौके पर संगीता, राजकुमार, श्याम जी, गणेश शंकर निरंजन, शिवराम याज्ञिक, अरविंद यादव, रविंद्र सिंह, कादिर, नसीम खान आदि मौजूद रहे।