उरई (जालौन)। मंगलवार की रात कोतवाली क्षेत्र स्थित कोंच के खंड विकास अधिकारी के राजकीय आवास का ताला तोड़ कर चोरों ने घर में रखा इनर्वटर, बैट्री, दो सिलेंडर व 25 हजार रुपये नकद पार कर दिया। बुधवार को सुबह जब खंड विकास अधिकारी घर पहुंचे तो घर का बिखरा हुआ सामान देेख सन्न रह गए। उन्होंने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि मौके पर पहुंची पुलिस खानापूरी कर लौट आई। मौके पर न तो फिंगर प्रिंट लिए गए और नहीं डॉग स्क्वायड बुलाया गया।
खंड विकास अधिकारी कोंच एसपी शुक्ला ने पुलिस को बताया कि मंगलवार की शाम को वह व्यक्तिगत कार्य से बाहर गए थे। उनके सरकारी आवास पर ताला लगा था। बुधवार की सुबह जब वह वापस घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे से लेकर भीतर कमरे तक के ताले टूटे पडे़ थे और सामान भी बिखरा था। इसके बाद उन्होंने पुलिस को वारदात की सूचना दी। काफी देर बाद दो सिपाही पहुंचे। खंड विकास अधिकारी ने पुलिस को बताया कि चोर उनके घर से इनर्वटर, बैट्री, दो सिलेंडर व 25 हजार रुपये नकद उठा ले गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरी का जल्द खुलासा करने का आश्वासन दिया है। उधर, कोतवाल का कहना है कि चोर आसपास के ही लग रहे हैं, उनकी तलाश की जा रही है ।