जालौन। मध्य प्रदेश के ग्वालियर से तस्करी कर होली में खपाने के लिए आई 45 पेटी शराब के साथ दो तस्करों को जालौन कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर स्कार्पियो बरामद की है।
जालौन कोतवाल नसीम खां को मुखबिर से सूचना मिली कि मध्य प्रदेश से काली स्कार्पियो में तस्करी कर अवैध शराब लाई जा रही है। पुलिस ने घेराबंदी कर स्कार्पियो की तलाश शुरू कर दी। देर रात तकरीबन बारह बजे पुलिस को देव नगर चौराहे पर स्कार्पियो आती दिखी। पुलिस ने जैसे ही स्कार्पियो रोकनी चाही चालक ने उसे चुर्खी रोड पर दौड़ा दिया। पुलिस ने घेराबंदी कर तस्कर कृष्णपाल सिंह निवासी सुढ़ार और पंकज परिहार निवासी महलुआ कोंच को पकड़कर 45 पेटी अवैध शराब बरामद कर ली। पकडे़ गए तस्करों ने बताया कि यह शराब वह ग्वालियर से लाए हैं और होली के त्योहार में जिले में इसकी खपत होगी। उधर एसपी राकेश शंकर ने पुलिस की इस सफलता पर बधाई दी है।