कोंच (जालौन)। 21 जनवरी की देर शाम कोंच मंडी में पकड़े गए एक ही नंबर के दोनों ट्रक एक ही मालिक के हैं। पुलिस अभी यह कह पाने की स्थिति में नहीं है कि दोनों में से कौन सा ट्रक सही है। क्योंकि दोनों के ही रजिस्ट्रेशन प्रमाण पत्रों में मालिक के नाम से लेकर ट्रक के अन्य डिटेल्स, मसलन चेसिस नंबर, इंजिन नंबर सहित सभी विवरण बिल्कुल एक से हैं।
पुलिस ने दोनों ही ट्रक जिनके नम्बर यूपी 86 एच 9740 हैं, को सीज करके दोनों के चालकों का संबंधित धाराओं में चालान कर दिया है। मामले की विवेचना कर रहे एसएसआई आरपी पांडेय का कहना है कि उनके पास यह तय कर पाने का कोई पैमाना नहीं है कि कौन से कागज सही हैं। इसका निर्धारण परिवहन कार्यालय ही कर सकेगा। दोनों ट्रकों का मालिक संतोष गुप्ता पुत्र विशुनस्वरूप गुप्ता निवासी फतिहाबाद आगरा है। उधर, कोतवाली में मौजूद दोनों ट्रकों के चालकों ने इस बात की पुष्टि की है दोनों ट्रक एक ही मालिक के हैं।