उरई (जालौन)। चुर्खी थाना क्षेत्र के ग्राम जलालपुर में शुक्रवार की रात दलित को अगवाकर पीट-पीटकर हत्या के मामले में दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लाठी कुल्हाड़ी बरामद कर ली है। उधर, बसपा के राज्यसभा सांसद बृजलाल खाबरी, जिलाध्यक्ष मूलशरण कुशवाहा, श्रीपाल, कल्ला चौधरी, संजय सिंह दमरास ने पीड़ितों से मिलकर ढांढस बंधाया और मामला सदन में उठाने की बात कही।
मालूम हो कि चुर्खी थाना क्षेत्र के ग्राम जलालपुर चिरगुवां निवासी दलित छोटे अहिरवार के घर पर शुक्रवार की रात गांव के ही शिशुपाल सिंह, संदीप यादव, लल्लू, रोहित यादव, रामसेवक ने आठ अन्य साथियों के साथ धावा बोलकर घर में तोड़फोड़ की। इन लोगों ने गृहस्वामी को अगवाकर उसकी हत्या कर दी थी। इस मामले में चुर्खी थानाध्यक्ष एनसी कटियार ने हत्यारोपी शिशुपाल तथा लल्लू को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर आला कत्ल बरामद कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। उधर दलित की पीट की हत्या की जानकारी होने पर बसपा सांसद बृजलाल खाबरी, जिलाध्यक्ष मूलशरण कुशवाहा, बसपा नेता कल्ला चौधरी, श्रीपाल आदि गांव पहुंचे और अंत्येष्टि में शामिल होकर परिवार को ढांढस बंधाया। सांसद खाबरी ने कहा कि प्रदेश के कानून व्यवस्था नाम की कोेई चीज नही है। लोगों की हत्या की जा रही है। पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। वह मामले के प्रदेशीय व राष्ट्रीय नेतृत्व को अवगत करा सदन से भी मामला उठाएंगे। दलित की पीट पीटकर हत्या के मामले में भाजपा के पूर्व सांसद भानुप्रताप वर्मा, कांग्रेस के शहर अध्यक्ष चौधरी श्याम सुंदर ने भी भर्त्सना की ही।